नई दिल्ली (नेहा):राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के अधिकतर जिले आज भयंकर कोहरे की चपेट में हैं। घना कोहरा होने की वजह से यातायात पूरी तरह से प्रभावित हुआ है। जहां हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए तो वहीं उड़ानों और ट्रेनों के संचालन पर भी ज्यादा असर देखने को मिला। दिल्ली को आने वाली ट्रेनें कई-कई घंटे की देरी से चल रही हैं।
उधर, सर्दी ने भी लोगों के हाड़ कंपा दिए हैं। दिल्ली समेत एनसीआर के शहरों में तापमान दो डिग्री के आसपास चल रहा है, जिस वजह से लोगों के ठंड में हाथ-पांव कांप रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कल सोमवार (12 जनवरी) को दो दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया था।
दिल्ली में कड़ाके की ठंड और ऑरेंज अलर्ट के बीच सोमवार को कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। वहीं, एनसीआर में रेवाड़ी का न्यूनतम तापमान माइनस में -0.6 डिग्री दर्ज किया गया। अगले दो दिन भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।
पालम में न्यूनतम तापमान 13 वर्षों में सबसे कम दर्ज किया गया। यहां तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम 3.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले पालम में सात जनवरी, 2013 को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि, पालम में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान -2.2 डिग्री सेल्सियस है, जो 11 जनवरी 1967 को दर्ज किया गया था।
वहीं, अगर बात दिल्ली-NCR के प्रदूषण की करें तो हवा भी लगातार जहरीली होती जा रही है, आज सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया। यह बेहद गंभीर श्रेणी में आता है। हालांकि, कल सोमवार को एक्यूआई इससे थोड़ा कम 300 के आसपास था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी, CPCB) के अनुसार, आज सोमवार सुबह सात बजे आनंद विहार, दिल्ली का एक्यूआई 405 रिकॉर्ड किया गया, जबकि आईजीआई एअरपोर्ट का AQI 291 दर्ज किया गया है।


