यमुनानगर (नेहा): सदर यमुनानगर थाना क्षेत्र में पांसरा फाटक के पास बाइक चला रहे नाबालिग को ट्रक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 14 वर्षीय विक्रम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के जिला समस्तीपुर के वार्ड नंबर पांच तभका पछियारी का रहने वाला था। उसके माता पिता यहां मजदूरी करते हैं।
मृतक के पिता रामबाबू ने बताया कि वह करनाल के तरावड़ी स्थित मानसी राइस मिल में मजदूरी करता है। यहां पांसरा में पत्नी शांति देवी व बेटा विक्रम किराये के मकान में रहते थे। सुबह बेटा विक्रम बाइक पर अपने दोस्त वंश के साथ पांसरा फाटक की ओर गया था।
जब वह फाटक के पास धर्मकांटा के सामने पहुंचा। तभी एक चालक ट्रक लापरवाही से चलाते हुए लेकर आया। उसने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विक्रम बाइक सहित सड़क पर जा गिरा और पहिए के नीचे आ गया। ट्रक का पहिया उसे कुचलते हुए निकल गया। जिससे उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सदर यमुनानगर थाना पुलिस ने आरोपित चालक पर केस दर्ज किया।


