अयोध्या (नेहा): श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत में अपेक्षित सुधार न देख बुधवार को दिन में अयोध्या से मेदांता लखनऊ रेफर किया गया है। 87 वर्षीय महंत नृत्यगोपाल दास ने बीते 36 घंटे से कुछ भी नहीं खाया है। अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास का स्वास्थ्य बिगड़ गया है। अयोध्या में श्रीराम अस्पताल के सेवानिवृत डॉक्टर एसके पाठक ने चेकअप किया और उनको मेदांता लखनऊ रेफर कर दिया है।
महंत ने पिछले 36 घंटे से कुछ भी नहीं खाया है। उल्टी दस्त की समस्या के बाद महंत नृत्य गोपाल दास को लगातार कमजोरी महसूस होने पर चिकित्सक की निगरानी में रखा गया, लेकिन वह कुछ भी अन्न ग्रहण नहीं कर पा रहे हैं। उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास उन्हें लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। मेदांता अस्पताल पहुंचने के बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की ओर से उनकी विस्तृत जांच और इलाज किया जाएगा। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखना आवश्यक है।
महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत खराब होने की खबर से संत समाज, रामभक्तों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए देशभर में प्रार्थनाएं की जा रही हैं। ट्रस्ट प्रशासन भी लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है और स्थिति की जानकारी ली जा रही है। अयोध्या में मणि राम दास की छावनी के प्रमुख महंत नृत्य गोपाल दास अयोध्या के सबसे बड़े मंदिर राम जन्मभूमि न्यास और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के प्रमुख हैं, जो अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए गठित संस्थान हैं। वे श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के भी प्रमुख हैं।


