अहमदाबाद (नेहा): 12 जून 2025 को 242 यात्रियों से भरा एअर इंडिया का विमान AI 171 अचानक क्रैश हो गया। गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही दूर जाकर विमान मेडिकल अस्पताल की बिल्डिंग से जा टकराया। इस हादसे को कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन प्लेन क्रैश की असली वजह अभी तक सामने नहीं आई है। अमेरिका के एविएशन सेफ्टी कैंपन ग्रुप का दावा है कि एयर इंडिया के बोइंग 787 एयरक्राफ्ट में तकनीकी खराबियां थीं। अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के पहले ही विमान को कई बार तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा था।
फाउंडेशन फॉर एविएशन सेफ्टी (FAS) ने 12 जनवरी 2026 को अमेरिकी संसद में एक रिपोर्ट जमा की है। FAS ने अपनी जांच में पाया कि एअर इंडिया का हिस्सा बनने के बाद से ही विमान में तकनीकी खराबियां आने लगी थीं। FAS का कहना है कि विमान में इंजीनियरिंग, गुणवत्ता और रखरखाव में काफी कमियां आ रहीं थीं। प्लेन में इलेक्ट्रॉनिक, सॉफ्टवेयर, सर्किट ब्रेकरों का बार-बार ट्रिप होना, खराब वायरिंग, शॉर्ट सर्किट, बिजली की आपूर्ति में कमी और पावर सिस्टम गर्म होने जैसी कई समस्याएं रिपोर्ट की जा चुकी थीं।


