नोएडा (नेहा): थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के अंतर्गत निहारी स्थित सरस्वती स्कूल के सामने देर रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार बीएमडब्न्यू सवार ने एक साइकिल सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। कार की टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल के परखच्चे उड़ गए और साइकिल सवार सड़क पर दूर जा गिरा। पुलिस ने कार के मालिक मंकुल महाजन को गिरफ्तार कर लिया है। मंकुल ही उस समय कार चला रहा था।
उधर, सूचना मिलते ही सेक्टर-20 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान अवस्था में घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 49 वर्षीय अशोक शर्मा के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि मृतक नोएडा के बरौला गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, अशोक देर रात अपना काम खत्म कर घर वापस लौट रहा था, तभी वह तेज रफ्तार कार का शिकार बन गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और दुर्घटना में शामिल बीएमडब्ल्यू कार और उसके चालक को हिरासत में लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी चालक की पहचान महाजन के रूप में की। हादसे में शामिल बीएमडब्ल्यू कार को जब्त कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या चालक नशे की हालत में था |


