ग्रेटर नोएडा (नेहा): उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के थाना दनकौर क्षेत्र के ऊंची दनकौर मोहल्ले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां रहने वाली एक मृत महिला के बैंक खाते में अचानक 1 अरब 13 लाख 56 हजार करोड़ रुपये जमा होने का मामला प्रकाश में आया है। इतनी बड़ी राशि के बारे में पता चलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
ऊंची दनकौर निवासी 20 वर्षीय दीपक कुमार ने बताया कि उनकी मां गायत्री देवी की मृत्यु लगभग दो महीने पहले हो चुकी है। वह अपनी मां के कोटक महिंद्रा बैंक खाते से जुड़े यूपीआई का उपयोग कर रहे थे। सोमवार शाम को दीपक को अपने मोबाइल पर एक मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें उनके मां के खाते में 36 अंकों की विशाल राशि जमा होने की सूचना थी। यह राशि 1 अरब 13 लाख 56 हजार करोड़ रुपये की है।
मैसेज देखकर स्तब्ध दीपक तुरंत बैंक पहुंचे और खाते की जानकारी मांगी। हालांकि, बैंक कर्मचारियों ने उन्हें कोई ठोस जानकारी नहीं दी और बताया कि खाता फ्रीज कर दिया गया है। बैंक प्रबंधन ने इस मामले की सूचना आयकर विभाग को दी, जिसके बाद खाता फ्रीज कर दिया गया।
आयकर विभाग ने इस असामान्य लेनदेन की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी राशि कहां से और कैसे इस खाते में आई। वहीं, स्थानीय पुलिस को अभी इस मामले की औपचारिक जानकारी नहीं मिली है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने कहा, “हमें इस मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसी कोई घटना है, तो इसकी जांच की जाएगी।”
इस घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं कि आखिर इतनी बड़ी राशि मृत महिला के खाते में कैसे पहुंची। दीपक ने बताया कि वह यूपीआई के जरिए पेमेंट करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन ट्रांजेक्शन विफल रहा। इसके बाद उन्होंने खाते का बैलेंस चेक किया तो यह हैरान करने वाली राशि सामने आई।