कोलकाता (नेहा): अहमदाबाद में हुए हालिया विमान हादसे के बाद एयर इंडिया की उड़ानों में लगातार तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। मंगलवार को सैन फ्रांसिस्को से मुंबई की ओर जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण कोलकाता में रुकवाना पड़ा। कोलकाता एयरपोर्ट पर निर्धारित ठहराव के दौरान विमान के एक इंजन में खराबी पाई गई, जिसके चलते सभी यात्रियों को विमान से नीचे उतार दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब विमान कोलकाता हवाई अड्डे से उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, तभी बाएं इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला। उड़ान संख्या AI-180 रात लगभग 12:45 बजे कोलकाता पहुंची थी। इसके बाद तकनीकी जांच में इंजन की समस्या पाई गई। सुबह करीब 5:20 बजे एक घोषणा के माध्यम से यात्रियों से विमान छोड़ने का अनुरोध किया गया। पायलट ने बताया कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
इससे पहले सोमवार को एयर इंडिया की एक और फ्लाइट AI-315 को तकनीकी दिक्कत के कारण उड़ान के बीच से ही हांगकांग वापस लौटना पड़ा। यह फ्लाइट बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर थी, जो दिल्ली जा रही थी। उड़ान के कुछ समय बाद संभावित तकनीकी समस्या का संकेत मिलने पर पायलट ने सुरक्षा कारणों से विमान को हांगकांग लौटाने का निर्णय लिया। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, “उक्त विमान को सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया है और सभी यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। विमान की पूर्ण जांच की जा रही है ताकि किसी भी खतरे को समय रहते रोका जा सके।” उल्लेखनीय है कि 12 जून को एयर इंडिया की एक फ्लाइट अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भयावह हादसे में 242 में से 241 यात्रियों की मृत्यु हो गई थी। उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद विमान एक अस्पताल के हॉस्टल से टकरा गया और उसमें आग लग गई। इस फ्लाइट में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे, जिनकी इस हादसे में मृत्यु हो गई।