नई दिल्ली (नेहा): आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा की नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने सीएम रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर दिल्ली में पानी की कमी की समस्या दूर करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मानसून में भी दिल्ली में लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।
कालकाजी, बदरपुर और साउथ-सेंट्रल दिल्ली समेत दिल्ली के कई इलाकों में नलों में पानी सूख चुका है। दिल्ली की सड़कों पर पानी भरा है, लेकिन नलों में पानी नहीं है। यही भाजपा सरकार की बदइंतज़ामी का सच है। जब मानसून में यह हाल है तो गर्मियों में क्या होगा? चार इंजन की सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है।
आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को लिखी चिट्ठी में कहा कि मैं आपका ध्यान दिल्ली के कई हिस्सों में निवासियों द्वारा झेली जा रही गंभीर जल संकट की ओर आकर्षित करना चाहती हूँ। दिल्ली के कई घनी आबादी वाले कालकाजी, बादरपुर, ओखला, दक्षिण और मध्य दिल्ली के कई हिस्से में अज्ञात कारणों से लोग भीषण जल संकट का सामना कर रहे हैं।
आतिशी ने मानसून में सड़को पर जलभराव और पानी की किल्लत पर ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि चौंकाने वाली बात है कि इस समय अभूतपूर्व मानसून के बावजूद दिल्ली पानी की किल्लत झेल रही है। भारी वर्षा होने के बावजूद, दिल्ली के लोग प्रतिदिन पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। एक ओर पूरी दिल्ली पानी में डूबी हुई है और दूसरी ओर राष्ट्रीय राजधानी के नलों में पानी सूख गया है।
आतिशी भाजपा सरकार और जल बोर्ड की तैयारी और कार्यक्षमता पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यह स्थिति भाजपा-शासित सरकार और दिल्ली जल बोर्ड की तैयारी और कार्यक्षमता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यदि भारी वर्षा के मौसम में भी यह स्थिति है, तो आने वाली गर्मियों में दिल्ली का क्या होगा? आपकी सरकार को दिल्ली जल बोर्ड का कार्यभार संभाले लगभग छह महीने हो चुके हैं। अब आपकी सरकार बहानेबाज़ी और दोषारोपण नहीं कर सकती।
आतिशी ने मुख्यमंत्री से कहा है कि रविवार को आप प्रधानमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ थीं। फिर यह कैसे संभव है कि भाजपा की 4-इंजन सरकार, साथ ही पड़ोसी राज्यों में भी भाजपा की सरकार होने के बावजूद, दिल्ली के लोग पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं? ऐसा प्रतीत होता है कि दिल्ली की जनता इसलिए परेशान हो रही है, क्योंकि उन्होंने भाजपा पर विश्वास किया है।