यमुनानगर (पायल): ज्योति नगर निवासी गगन मेहता को विवादित प्लाट बेचकर ठग लिया गया। आरोप अंसल टाउन निवासी शिवराम अग्रवाल पर लगा है। आरोपित ने उससे 48 लाख रुपये ठगे। बाद में पता लगा कि जिस प्लाट की रजिस्ट्री कराई गई।
उस पर केस चल रहा था। जिसमें आरोपित हार चुका है। अब इस प्लाट पर गगन मेहता को कब्जा नहीं मिल रहा है। आरोपित से रुपये वापस मांगे तो वह धमकी देने लगा। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने मामले में आरोपित के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गगन मेहता ने बताया कि वह किराये के मकान में रहता था। इस दौरान दुर्गा कालोनी निवासी यशपाल सिंह ने अंसल टाउन निवासी रजत अग्रवाल व उसके पिता शिवराम अग्रवाल से मिलवाया। शिवराम ने कहा कि उसके पास गढ़ी मुंडो में प्लाट है। 24 हजार रुपये प्रति गज की दर से इस प्लाट का दाम मांगा।
आरोपितों ने आश्वासन दिया कि प्लाट पर किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। 27 दिसंबर 2023 को 48 रुपये में प्लाट का सौदा पक्का किया। बयाना के तौर पर तीन लाख रुपये का चेक दे दिया। एक लाख रुपये आरटीजीएस किए। चार अप्रैल 2024 को प्लाट की रजिस्ट्री करा दी।
बाकी के 44 लाख रुपये चेक से भुगतान कर दिया। जनवरी 2025 में प्लाट पर समन आया तो पता लगा कि इस प्लाट नंबर नौ व दस पर सिविल कोर्ट में केस चल रहा है। शिवराम अग्रवाल यह केस नवंबर 2023 में हार चुका है। कोर्ट ने इस प्लाट का फैसला विजय कुमार नाम के व्यक्ति के पक्ष में दिया है।
इसके बावजूद आरोपितों ने कोर्ट केस के बारे में नहीं बताया। आरोपित शिवराम अग्रवाल से इस बारे में बात की तो वह धमकी देने लगा। उसने रुपये भी वापस देने से इन्कार कर दिया।


