नई दिल्ली (नेहा): दिल्ली पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर गैंग्स से जुड़े अपराधियों पर शिकंजा कसा है। दिल्ली पुलिस ने ‘ऑपरेशन गैंग बस्ट’ शुरू किया है, जिसके तहत बड़ी कार्रवाई की गई।
दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर्स के खिलाफ इस वर्ष का यह पहला अभियान चलाया। यह अभियान शुक्रवार रात आठ बजे से रविवार रात आठ बजे तक चला। इस ऑपरेशन में बाहरी जिला, रोहिणी और द्वारका जिले की पुलिस टीम के अलावा क्राइम ब्रांच, स्पेशल सेल के नौ हजार पुलिसकर्मी तैनात थे।
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और यूपी में 4299 ठिकानों पर छापामारी करते हुए 854 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें कपिल सांगवान, हाशिम बाबा, गोल्डी बराड़ आदि गिरोह के 280 गैंगस्टर्स गिरफ्तार किए गए।
इसके अलावा 6494 लोगों को हिरासत में लिया गया और 690 नए केस दर्ज किए गए। इस अभियान में 300 हथियार, 25 लाख नकद, 117 मोबाइल, 28 हजार अवैध शराब और 118 किलो नारकोटिक्स बरामद हुआ।
दिल्ली में बाहरी जिला पुलिस ने संगठित अपराध पर लगाम लगाने और अपराधियों पर सख्त शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान ‘आपरेशन प्रहार’ चलाया। दो दिन तक चले इस व्यापक अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 143 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ 97 आपराधिक मामले दर्ज किए। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब, हथियार, नशीले पदार्थ और नकदी बरामद की गई।


