नई दिल्ली (नेहा): ईरान में खामेनेई शासन के खिलाफ भड़के हिंसक प्रदर्शनों के बीच भारतीय नागरिकों को लेकर आई पहली दो वाणिज्यिक उड़ानें बीती रात दिल्ली पहुंचीं। ये नियमित फ्लाइट्स थीं, किसी विशेष निकासी अभियान का हिस्सा नहीं। हालांकि, हालात को देखते हुए भारतीय सरकार किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार है और पहले ही नागरिकों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दे चुकी है।
15 जनवरी को ईरानी हवाई क्षेत्र कुछ समय के लिए बंद रहने के कारण भारत से कई उड़ानें प्रभावित हुई थीं। अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है, लेकिन कई भारतीयों ने एहतियात के तौर पर वापस लौटना बेहतर समझा। दिल्ली पहुंचे यात्रियों ने बताया कि भारत सरकार और तेहरान स्थित भारतीय दूतावास लगातार सलाह और सहायता उपलब्ध करवाते रहे। दूतावास भारतीय तीर्थयात्रियों, छात्रों, पर्यटकों और व्यापारियों से संपर्क में था।


