साहिबगंज (नेहा): गंगा नदी थाना क्षेत्र के महाराजपुर गदाई दियारा के पास शनिवार की सुबह यात्रियों से भरी एक नाव गंगा नदी में डूब गई। इसमें कुल लगभग 32 लोग सवार थे, जिनमें से 28 लोग तैर कर निकल गए। तीन लोग लापता हैं जबकि एक का शव बरामद किया गया है। घटनास्थल झारखंड व बंगाल की सीमा पर है।
इसकी सूचना मिलने के बाद गंगा नदी थाना प्रभारी लव कुमार नाव से दियारा पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल में जुट गए। बताया जा रहा है कि सुबह छह बजे तालझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर से नाव पर सवार होकर लगभग कुल 32 लोग गदाई दियारा की जा रहे थे।
इनमें 17 लोग रांगा थाना क्षेत्र के विंध्यवासिनी पहाड़ के रहने वाले थे। वे सभी चूहा पकड़ने के लिए वहां जा रहे थे। रास्ते में नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा में डूब गई। 28 लोग तैरकर किसी तरह बाहर निकल गए। चार लोग गंगा में डूब गए।
इनमें से एक युवक की मौत हो गई। विंध्यवासिनी पहाड़ के रहने वाले सपन कर्मकार ने बताया कि गांव से 17 लोग चूहा पकड़ने के लिए दियारा जा रहे थे। उस नाव में अन्य लोग भी शामिल थे।
नाव खचाखच भरा हुआ था। बीच गंगा में नाव डगमगाने लगा और लोगों की हड़बड़ाहट के कारण पलट गया। 28 लोग किसी तरह तैर कर निकल गए। चार लोगों को तैरने नहीं आता था वे गंगा में डूब गए।