नई दिल्ली (नेहा): भारत के विदेशी व्यापार में बंदरगाहों की भूमिका काफी बड़ी है। विदेशी व्यापार का लगभग 95 प्रतिशत हिस्सा समुद्री मार्गों और बंदरगाहों से होता है ऐसे में केंद्र सरकार की तरफ से बंदरगाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक अहम फैसला लिया गया है। इसको लेकर एक वैधानिक निकाय ‘बंदरगाह सुरक्षा ब्यूरो’ का गठन किया जाएगा. इस निकाय के जरिए बंदरगाहों और यहां की सुरक्षा से जुड़े मामलों की समय-समय पर जानकारी ली जाएगी। सूचनाओं के आधार पर इसका विश्लेषण किया जाएगा। साथ ही यहां से व्यापार और सुरक्षा को और गंभीरता से सुनिश्चित किया जाएगा. इसके बारे में अधिकारियों की तरफ से जानकारी दी गई है।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तरफ से इसको लेकर एक बैठक बुलाई गई। बंदरगाहों की सुरक्षा के लिए समर्पित इस निकाय के गठन से जुड़ी चर्चा में बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू भी शामिल हुए। गृहमंत्री अमित शाह ने देश में मजबूत बंदरगाह सुरक्षा ढांचे की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने निर्देश दिया है कि सुरक्षा उपायों को क्रमबद्ध और जोखिम-आधारित तरीके से लागू किया जाए।


