पटना (नेहा): बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। पटना, गया, जहानाबाद, अरवल और नालंदा में शीत दिवस का अलर्ट जारी किया गया है। इतना नहीं पटना, गया समेत में आज अहले सुबह से घना कोहरा छाया है। इससे दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के कई जिलों में मंगलवार को घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी है। इसे देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और कुछ जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, पटना, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार जिले के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है।
वहीं भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और गया जिलों के कई इलाकों में अगले तीन घंटे के दौरान बहुत घना कोहरा पड़ने की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से घने कोहरे और कड़ाके की ठंड को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले सात दिनों तक राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा। 23 दिसंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य भागों के कुछ स्थानों पर घना कोहरा और शीत दिवस की स्थिति बन सकती है। दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-मध्य भागों के कुछ इलाकों में भी शीत दिवस की आशंका जताई गई है। 24 से 26 दिसंबर के बीच राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में घना कोहरा और शीत दिवस की स्थिति रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी भागों के कुछ स्थानों पर शीत दिवस जैसे हालात बन सकते हैं। वहीं अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद इसमें 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।


