कोलकाता (नेहा): नागपुर से कोलकाता जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान एक पक्षी से टकरा गया। इस हादसे में विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए विमान को नागपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई। गनीमत रही कि सभी 272 यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
सूत्रों के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E812 नागपुर से कोलकाता के लिए रवाना हुई थी। विमान ने जैसे ही उड़ान भरी, कुछ ही मिनटों बाद वह हवा में पक्षी से टकरा गया। टकराव इतना जोरदार था कि विमान का फ्रंट हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद यात्रियों में घबराहट फैल गई और कई यात्री दहशत में आ गए। चालक दल ने यात्रियों से शांति बनाए रखने की अपील की और तुरंत पायलट को घटना की जानकारी दी।
विमान के लड़खड़ाने पर पायलट ने अपनी सूझ-बूझ का परिचय देते हुए तुरंत नागपुर एयरपोर्ट कंट्रोल टॉवर से संपर्क साधा और आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी। कुछ ही देर बाद विमान को सुरक्षित तरीके से एयरपोर्ट पर उतारा गया। सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पायलट की समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद नागपुर एयरपोर्ट के सीनियर डायरेक्टर आबिद रूही ने जानकारी दी। उन्होंने कहा, “इंडिगो की नागपुर-कोलकाता फ्लाइट संख्या 6E812 पर बर्ड हिट की आशंका है। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और मामले की जांच की जा रही है।”
एविएशन विशेषज्ञों का मानना है कि टेक-ऑफ और लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट विमानन क्षेत्र में सबसे गंभीर खतरों में से एक है। कई बार पक्षी इंजन में फंस जाते हैं जिससे तकनीकी खराबी आ सकती है। इससे विमान की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। बीते वर्षों में भी भारत के अलग-अलग हवाई अड्डों पर बर्ड हिट की घटनाएं सामने आती रही हैं। इंडिगो एयरलाइंस और नागपुर एयरपोर्ट प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। विमान की तकनीकी जांच की जा रही है और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।