ऊना (पायल): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला मुख्यालय के साथ लगते लाल सिंगी गांव में बुधवार देर रात एक निजी होटल के बाहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान संतोषगढ़ निवासी युवा कांग्रेस नेता आशु पुरी के रूप में हुई है। इस घटना में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में रेफर किया गया।
मामले की जांच कर रही पुलिस के मुताबिक, घटना होटल रायजादा के बाहर हुई। बुधवार की रात आशु पुरी और अन्य युवक जन्मदिन की पार्टी के लिए होटल में एकत्र हुए थे। आधी रात को सभी युवा केक काटने के लिए होटल के बाहर पार्किंग में जमा हुए। इसी दौरान आशू पुरी की कुछ लोगों से बहस हो गई। विवाद में शामिल व्यक्तियों की पहचान परविंदर निवासी मराला फतेहपुर, परमिंदर पुत्र जरनैल सिंह (गांव बेनेवाल) और गुरजीत सिंह मान (प्रधान, मराला उदयपुर) के रूप में हुई है।
इसी बीच झगड़े ने भयानक रूप ले लिया, जिसके बाद आरोपी परमिंदर ने आशु पुरी पर गोली चला दी। गोली लगने से आशू पुरी की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आशु के साथियों ने शूटर परमिंदर और उसके साथी गुरजीत मान पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस जवाबी हमले में परमिंदर और गुरजीत मान गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया।
उधर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित यादव ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मृतक आशु पुरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं और गहन जांच की जा रही है. पुलिस अब हत्या और बदले की कार्रवाई दोनों की जांच कर रही है।


