नई दिल्ली (नेहा): केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा की विचारधारा जाति और धर्म से ऊपर उठकर सभी के लिए काम करने की सीख देती है और पार्टी मुसलमानों के खिलाफ नहीं है। नागपुर में चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का लक्ष्य समाज के हर वर्ग का विकास करना है और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता।
गडकरी ने कहा कि कुछ विपक्षी नेता जानबूझकर यह भ्रम फैलाते हैं कि भाजपा मुसलमानों के खिलाफ है या सत्ता में आने पर हिंसा होगी। उन्होंने इसे पूरी तरह गलत बताया और कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को बिना किसी पक्षपात के सभी के लिए काम करना सिखाती है। उनके अनुसार, पार्टी की राजनीति नफरत नहीं, विकास और एकता पर आधारित है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा मुसलमानों के खिलाफ नहीं, बल्कि आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जो मुसलमान इस देश के लिए बलिदान देते हैं, वे उतने ही प्रिय हैं जितने हिंदू। उन्होंने यह भी कहा कि कोई मस्जिद जाए, गुरुद्वारा जाए या बुद्ध विहार, लेकिन सबका खून एक है और हम सभी भारतीय हैं।


