जम्मू (नेहा): बीते दो दिन से देहारन, मिश्रीवाला से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता 32 वर्षीय राजेंद्र सिंह का शव नहर से बरामद हो गया। यह अनुमान लगाया जा रहा है कि रात के समय राजेंद्र सिंह नहर के किनारे चल रहे होंगे और इस दौरान उनका पांव फिसल गया होगा और वह नहर में गिर गए होंगे। पुलिस ने राजेंद्र सिंह की तलाश में नहर में पानी को भी बंद करवाया था। जिससे नहर का जलस्तर कम होने से शव बरामद हो गया। एसडीआरएफ के जवानों ने भी राजेंद्र सिंह की तलाश में नहर में बचाव अभियान चलाया था।
एसएचओ कानाचक्क मनोज धर ने बताया कि बीते शनिवार रात को राजेंद्र सिंह पुल से जा रहा था कि दुर्घटनावश उसका पांव फिसल गया था और वह नहर में जा गिरा था। कृषि नहर में पानी का स्तर बढ़ा हुआ है, जिसमें वह बह गए होंगे। वहीं, राजेंद्र सिंह के रिश्तेदारों का कहना है कि वह देहाड़ी लगा कर अपने दो बच्चों, पत्नी और बुजुर्ग पिता का पालन पोषण कर रहा था। अब उसकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है।