नैनीताल (नेहा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले को 121.52 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने 13 जनहित की महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया, इसमें मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट नैनीताल में 42.77 करोड़ लागत की शत्रु संपत्ति मेट्रोपोल पार्किंग शामिल है। सीएम ने 30 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत के दो योजनाओं का लोकार्पण जबकि 90 करोड़ 86 लाख लागत की 11 योजनाओं का शिलान्यास किया।
गुरुवार शाम पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेट्रोपोल पार्किंग परिसर में योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास योजनाओं से जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
राज्य सरकार राज्य में निरंतर आधारभूत जनसुविधाओं को और अधिक मजबूत करने,अंतिम छोर में खड़े व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने हेतु निरंतर संकल्पबद्ध है। सरकार राज्य के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिन योजनाओं का शिलान्यास हुआ है, यह सभी कार्य समय बद्धता एवं गुणवत्ता युक्त हों इसका विशेष ध्यान जाए।
सीएम ने सूखाताल सुंदरीकरण के 29. 16 करोड़ के प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया। इसके तहत झील रिचार्ज जोन एवं टूरिस्ट डेस्टिनेशन प्वाइंट, दो झीलों व उसके मध्य डक्ट का निर्माण , झील में पानी की शुद्धता हेतु एयरेशन प्लांट की स्थापना, नौ दुकान, शौचालय ब्लाक, लिफ्ट एवं ट्रांजिट भवन तथा झील के चारों तरफ पैदल पथ का निर्माण किया गया है। जिला खनिज न्यास निधि से हल्द्वानी के जीजीआइसी में पुस्तकालय पुनरुद्धार का लोकार्पण किया गया।


