पटना (राघव): बिहार के लोगों के लिए खुशखबरी है! मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर बने 6 लेन के पुल का उद्घाटन किया है। इससे पटना और राघोपुर के बीच का सफर अब आसान हो जाएगा। राघोपुर के लोगों को इस पुल से बहुत फायदा होगा। उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। इस पुल को बनाने में 5 हजार करोड़ रुपये लगे हैं।
इस पुल के उद्घाटन के मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, मंत्री नितिन नवीन और विधान सभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुल का जायजा लिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पुल के उद्घाटन पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि इस पुल के बनने से राघोपुर के लोगों को पटना से पूरे साल सड़क संपर्क मिलेगा. इससे इलाके में खेती, उद्योग और व्यापार तेजी से बढ़ेंगे। मरीजों को भी अस्पताल जाने में आसानी होगी। महात्मा गांधी सेतु पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
यह पुल उत्तर बिहार को दक्षिण बिहार से जोड़ने वाली सिक्स लेन रोड का हिस्सा है। इसे बनाने में 5 हजार करोड़ रुपये की लागत आई है. इसका निर्माण कार्य 2016 में शुरू हुआ था। वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक तेजस्वी यादव हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल के लोकार्पण से राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से पूरे वर्ष के लिए सड़क सम्पर्कता मिल जाएगा। बिहार में विकास के कई काम हो रहे हैं। पटना जंक्शन के सामने भूमिगत सब-वे और मल्टी मॉडल हब बन रहा है। डबल डेकर रोड बन रही है। मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड बन रही है। अब यह 6 लेन का पुल भी बन गया है. इससे लोगों को बहुत सुविधा होगी।