नई दिल्ली (नेहा): उत्तर भारत में भीषण ठंड कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। हर गुजरते दिन के साथ सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और कड़ाके की ठंड से लगातार जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तापमान में गिरावट के बाद कुछ जगहों पर तापमान शून्य के करीब पहुंच रहा है। साथ ही घने कोहरे ने सड़क और रेल यातायात को बुरी तरह से प्रभावित किया है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के कुछ राज्यों में भीषण ठंड और कोहरे की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है। साथ ही दिल्ली सहित कुछ राज्यों में आज से शीत लहर की संभावना जताई गई है, जो आम लोगों की परेशानी को और बढ़ा सकता है।
भीषण सदी के कारण कई स्कूलों में छुट्टियों को बढ़ा दिया गया है और लोग अलाव और हीटर का सहरा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने देश के कुछ राज्यों में अगले कुछ दिनों तक घने कोहरे और शीत लहर चलने का अनुमान जताया है। इनमें दिल्ली भी शामिल है। आईएमडी ने तीन से छह जनवरी के बीच दिल्ली और हरियाणा के कुछ सुदूर इलाकों में शीत लहर चलने का भी पूर्वानुमान व्यक्त किया है। आईएमडी के अनुसार, शीत लहर तब घोषित की जाती है जब न्यूनतम तापमान सामान्य औसत तापमान से 4.5-6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर जाता है।
इसके साथ ही राजस्थान में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट है। माउंट आबू में पारा शून्य डिग्री पर पहुंच गया है। इसके साथ ही राजस्थान के कई संभागों में बारिश का भी अलर्ट है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ के प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बरसात हुई। कुछ जगहों पर आज भी बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही राजस्थान के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इन कोहरा प्रभावित क्षेत्रों में विजिबिलिटी शून्य रह सकती है। विभाग के मुताबिक अलवर, दौसा, डीग, धौलपुर, भरतपुर, जयपुर, झुंझनू, करौली, खैरथल तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना कुचामन, श्री गंगानगर, हनुमानगढ़ में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।


