नई दिल्ली (नेहा): दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। गिरते तापमान और ठंडी हवाओं के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) और गाजियाबाद प्रशासन ने स्कूलों को बंद करने का बड़ा फैसला लिया है।
गौतम बुद्ध नगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूल अब 10 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे। यह आदेश नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी बोर्ड (CBSE, ICSE, UP Board) से मान्यता प्राप्त स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।
नोएडा की तरह ही गाजियाबाद में भी ठंड का प्रकोप चरम पर है। गाजियाबाद के डीएम ने कक्षा 8 तक के स्कूलों को पूरी तरह बंद रखने का निर्देश दिया है। यहां भी 10 जनवरी तक कोई कक्षाएं संचालित नहीं होंगी। कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है ताकि किशोर छात्रों को सुबह की भीषण ठंड से बचाया जा सके।


