दिल्ली (नेहा): उत्तर दिल्ली के तिमारपुर इलाके से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। एक 26 साल के युवक ने टेंपो की आगे की सीट को लेकर हुए झगड़े में अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गुरुवार शाम की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम दीपक है जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े 7 बजे तिमारपुर के एमएस ब्लॉक के पास हुई। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां एक बुजुर्ग शख्स खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे और स्थानीय लोग आरोपी से बंदूक छीनने की कोशिश कर रहे थे।
घायल व्यक्ति की पहचान 60 साल के सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई, जो CISF (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) के रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर थे। उन्हें तुरंत नजदीकी हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गोली उनके बाएं गाल पर लगी थी, जिससे चेहरे पर कई जगह छर्रे लगने की चोट आई।
प्राथमिक जांच में पता चला कि सुरेंद्र सिंह का परिवार उनके रिटायरमेंट के बाद अपने पैतृक गांव उत्तराखंड शिफ्ट हो रहा था। इसके लिए उन्होंने एक टेंपो किराए पर लिया था, जिसमें घर का सामान लोड किया जा रहा था।
इसी दौरान सुरेंद्र सिंह और उनके बेटे दीपक के बीच टेंपो की आगे की सीट को लेकर झगड़ा हो गया। सुरेंद्र ने सीट पर खुद बैठने की बात कही क्योंकि पीछे सामान भरा हुआ था। इस बात से नाराज होकर दीपक ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक निकाली और उन पर गोली चला दी।