नई दिल्ली (नेहा): बॉलीवुड की ‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा ने इंडस्ट्री में अपनी मेहनत और टैलेंट से एक अलग पहचान बनाई है। एक वक्त था जब प्रियंका ने बॉलीवुड में बैक-टू-बैक सुपरहिट फिल्मों से दर्शकों के दिलों पर राज किया। लेकिन इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड से धीरे-धीरे दूरी बना ली और हॉलीवुड की ओर रुख कर लिया। अब खबरें हैं कि लगभग 6 साल बाद वो फिर से भारतीय सिनेमा में धमाकेदार वापसी करने जा रही हैं और वो भी एक बार फिर संजय लीला भंसाली के साथ।
हाल ही में प्रियंका ने सोशल मीडिया पर अपनी एक पुरानी याद शेयर की जिसमें उन्होंने फिल्म ‘राम-लीला’ के मशहूर गाने ‘राम चाहे लीला’ को याद किया। इस पोस्ट ने एक बार फिर उनके फैंस के बीच उम्मीद जगा दी कि शायद प्रियंका बॉलीवुड में दोबारा दस्तक देने वाली हैं। अब ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की रिपोर्ट की मानें तो प्रियंका संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में एक डांस नंबर कर सकती हैं। हालांकि इसे लेकर अभी कुछ फाइनल नहीं हुआ है लेकिन रणबीर, आलिया और विक्की कौशल की फिल्म में प्रियंका अपने डांस का तड़का लगा सकती हैं। आखिरी बार उन्होंने संजय लीला भंसाली के साथ फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ में ही काम किया था।