संभल (नेहा): उत्तर प्रदेश के संभल में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर महक और परी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। दोनों जिले के असमौली थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। मामला सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर अश्लीलता फैलाने का है। कंटेंट क्रिएशन के नाम पर दोनों भद्दी-भद्दी गालियां देती हैं। छोटे-छोटे कपड़े पहनकर वीडियो शूट करती हैं और सोशल मीडिया पर इसे वायरल करती हैं। पिछले दिनों संभल को लेकर दोनों का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद दोनों कंटेंट क्रिएटर पर संभल पुलिस की नजर गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। साथ ही, दोनों सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर के अमरोहा के दो अन्य सहयोगियों पर भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कराई है।
संभल जिले से सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने के मामले में एफआईआर की बात सामने आई है। इंस्टाग्राम पर ‘महक परी 143’ नाम से आपत्तिजनक वीडियो डालने वाली दो लड़कियों के खिलाफ पुलिस ने आईटी एक्ट और अश्लीलता फैलाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपी लड़कियों की पहचान महक और परी के रूप में हुई है, जो थाना असमोली क्षेत्र के गांव शहबाजपुर की रहने वाली हैं। बताया जा रहा है कि ये दोनों लड़कियां अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार भद्दी गालियां और अश्लील संवाद वाले वीडियो पोस्ट कर रही थीं। वीडियो में वे आपत्तिजनक कपड़े पहनकर सामाजिक मर्यादाओं की खुलेआम धज्जियां उड़ाती थीं। सोशल मीडिया पर इन वीडियो के वायरल होने के बाद आम लोगों में खासा आक्रोश देखा गया।
धार्मिक नगरी संभल की छवि खराब करने आरोप दोनों सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर पर लगा था। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने खासी नाराजगी जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए संभल पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की। मीडिया सेल की ओर से मिली सूचना पर असमोली पुलिस ने जांच की। मामले की पुष्टि होने के बाद कांस्टेबल मोहित चौधरी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया गया। थाना प्रभारी राजीव मलिक ने बताया कि दोनों के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 और आईपीसी की धारा 294बी के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उनके घर पर दबिश भी दी, लेकिन दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।