नई दिल्ली (नेहा): एक्ट्रेस दिशा पाटनी बरेली वाले घर के बाहर गुरुवार देर रात फायरिंग की गई। इस की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा ने ली है। इस घर में दिशा पाटनी के पिता रिटायर्ड डिप्टी एसपी जगदीश पाटनी रहते हैं। सुबह करीब साढ़े चार बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने दिशा के पिता के सिविल लाइंस स्थित घर के मुख्य दरवाजे और दीवार पर चार-पांच राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। तुरंत ही उनके घर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात की गई। साथ ही एसपी सिटी और एसपी क्राइम के नेतृत्व में कार्रवाई के लिए पांच टीमें बनाई गईं।
रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गिरोह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा कि उन्होंने दिशा की बहन खुशबू पाटनी द्वारा प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य को लेकर की गई टिप्पणी का बदला लिया है। साथ ही पोस्ट में धमकी दी गई है कि अगर किसी ने भी संतों और धर्मों के खिलाफ टिप्पणी की तो वह उसका अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। हालांकि, अब यह पोस्ट डिलीट कर दिया गया है।
पोस्ट में लिखा है, ‘भाइयों, ये जो आज खुशबू पाटनी/दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग हुई है, ये कार्रवाई है। इसने हमारे पूज्य संत प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य जी महाराज का अपमान किया। इसने हमारे सनातन धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश की। हमारे आराध्य देवी-देवताओं का अपमान सहा नहीं जाएगा। यह तो महज एक ट्रेलर था। अगली बार किसी ने भी या इसने हमारे धर्म के प्रति कुछ भी अभद्रता दिखाई तो उसके घर में किसी को भी जिंदा नहीं छोड़ेंगे।’
मालूम हो कि कुछ महीने पहले दिशा पाटनी की बहन खुशबू ने एक वीडियो बनाया था, जिसके लिए दावा किया गया कि उन्होंने प्रेमानंद जी महाराज के लिए बोला है। खुशबू ने एक वीडियो बनाकर उन लोगों को लताड़ लगाई थी, जिन्होंने ये न्यूज चलाई कि उन्होंने प्रेमानंद के खिलाफ कुछ कहा है। खुशबू ने कहा था कि उनका वीडियो प्रेमानंद जी महाराज के लिए नहीं बल्कि अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ था। अनिरुद्धाचार्य ने लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिलाओं पर कमेंट किया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उसी पर खुशबू भड़क गई थीं और अनिरुद्धाचार्य को खूब खरी-खोटी सुनाई थी।