नई दिल्ली (नेहा): हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से छोड़े जा रहे पानी की मात्रा में कमी आने के बाद दिल्ली में यमुना के जलस्तर में तेजी से गिरावट आ रही है। इसके चलते शुक्रवार रात तक यमुना का जलस्तर घटकर 207 मीटर पर आ गया। केंद्रीय जल आयोग का अनुमान है कि जलस्तर में यह गिरावट आगे भी जारी रहेगी और शनिवार सुबह 8 बजे तक यह गिरकर 206.40 मीटर तक पहुंचने के आसार है। शाम तक इसके 206 मीटर के आस-पास पहुंचने की संभावना है।
बता दें कि यमुना में आई बाढ़ से मौत का पहला मामला भी शुक्रवार को सामने आया। न्यू उस्मानपुर इलाके के गढ़ी मेंडू गांव में घर में बंधी गाय को बचाने की कोशिश में यमुना में बहे ओमबीर (45) का शव तीसरे दिन यमुना नदी से मिला। सीएम रेखा गुप्ता ने सभी डीएम के साथ मीटिंग करके बचाव के काम की समीक्षा की।