गुरुग्राम (नेहा): मानसून में लगातार हो रही बारिश ने पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वर्ष 2020 के बाद पूरा जुलाई और अगस्त का महीना वर्षा की फुहारों से भीगा रहा। सितंबर की शुरुआत हो गई है और बारिश अभी थमी नहीं है।
मौसम विभाग ने इस महीने में भी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है। जुलाई में 251 एमएम और अगस्त में 247.5 एमएम वर्षा हो चुकी है। इससे पहले भारी वर्षा साल 2020 में हुई थी। तब जुलाई में 150 एमएम और अगस्त मेंं 292.3 एमएम वर्षा हुई थी।
मानसून सक्रिय होने के बाद जून और जुलाई में सबसे ज्यादा वर्षा होती है। पिछले वर्षोंं की अगर बात करें तो अगस्त के महीने में गुरुग्राम में ज्यादा वर्षा हुई है। इस बार भी अगस्त में ज्यादा दिन तक वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार तीन और चार सितंबर को क्षेत्र में फिर से वर्षा होने का अनुमान है। सात सितंबर तक बीच -बीच में बूंदाबांदी या हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 15 सितंबर तक एनसीआर सहित प्रदेशभर में मानसून सक्रिय रहता है। कई बार वापस लौटता मानसून भी अच्छी वर्षा करता है।