नई दिल्ली (नेहा): श्रीलंका के पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर अक्षु फर्नाडो का मंगलवार को निधन हो गया। वह पिछले करीब सात वर्षो से कोमा में थे। दिसंबर 2018 में कोलंबो में एक असुरक्षित रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी। हादसे में उन्हें कई गंभीर चोटें आई थीं और तभी से वह अधिकतर समय लाइफ सपोर्ट पर थे। उनके निधन की खबर से श्रीलंकाई क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
28 दिसंबर 2018 को हुए इस भीषण हादसे के बाद अक्षु फर्नाडो को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चोटें इतनी गंभीर थीं कि वह कोमा में चले गए और फिर कभी होश में नहीं आ सके। लंबे इलाज और संघर्ष के बाद आखिरकार सात साल बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

