नई दिल्ली (नेहा): गोवा नाइट क्लब में हुए हादसे के बाद से फरार चल रहे लूथरा ब्रदर्स को मंगलवार को थाईलैंड से वापस भारत लाया गया। कल ही दोनों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया जहां से कोर्ट ने लूथरा ब्रदर्स को 2 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया। आज गोवा पुलिस दोनों भाइयों को फ्लाइट से गोवा लेकर आई है। थोड़ी देर में गोवा की स्थानीय अदालत में दोनों को पेश किया जाएगा। जांच एजेंसियों का मानना है कि अब तक मिले दस्तावेजों और बयानों ने मामले में कई महत्वपूर्ण तथ्य उजागर किए हैं।
बता दें कि 6 दिसंबर की रात गोवा के बर्च नाइट क्लब में भीषण आग लग गई थी जिसमें 25 लोगों की जान चली गई थी। इस हादसे के बाद से ही दोनों भाई थाईलैंड भाग गए थे लेकिन उन्हें थाईलैंड में ही गिरफ्तार कर लिया गया। उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया जिसके बाद दोनों को कल भारत लाया गया। गोवा जाने से पहले एयरपोर्ट पर सिर झुकाकर बैठे लूथरा ब्रदर्स की तस्वीर सामने आई है। उनके साथ गोवा पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। लूथरा ब्रदर्स ने फोटो खिंचवाने से बचने के लिए अपना सिर झुका लिया। इससे पहले पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई के बाद जब गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा की अपने परिजनों से मुलाकात हुई तो दोनों भाई फूट-फूटकर रोने लगे। परिजनों को देखकर वे खुद को संभाल नहीं पाए।


