नई दिल्ली (नेहा): 12 जून की आधी रात गूगल क्वाउड डाउन हो गया जिसके बाद Gmail, Spotify, Snapchat, Discord जैसी सेवाएं भी ठप हो गईं। इस आउटेज का मुख्य कारण Google Cloud में आई समस्या थी, जो कई प्रमुख डिजिटल सेवाओं और एप्स का आधार है। इस आउटेज के चलते Gmail, Spotify, Snapchat, Discord और अन्य सेवाओं में बाधा उत्पन्न हुई। गूगल की अपनी सेवाएं भी इससे अछूती नहीं रहीं। Gmail, Google Search, Google Maps, Nest जैसी सेवाएं या तो पूरी तरह से बंद हो गईं या बहुत धीमी हो गईं। इसके अलावा Character.ai और Pokemon Trading Card Game जैसे गूगल इंफ्रास्ट्रक्चर पर आधारित थर्ड-पार्टी एप्स भी अस्थायी रूप से बंद हो गए।
गूगल ने रात में दो बार 12:41 बजे और 1:16 बजे पर अपने क्लाउड स्टेटस डैशबोर्ड पर अपडेट दिया कि इंजीनियरों ने समस्या की पहचान कर ली है और समाधान की दिशा में काम कर रहे हैं, हालांकि कुछ क्षेत्रों, खासकर us-central1 जोन में, प्रदर्शन अब भी प्रभावित रहा। सुबह 6 बजे तक गूगल ने घोषणा की कि सभी सेवाएं, जिसमें Vertex AI Online Prediction शामिल है, अब सामान्य रूप से कार्य कर रही हैं, हालांकि, us-central1 क्षेत्र में अब भी आंशिक असर देखा गया। गूगल ने अपने अंतिम अपडेट में कहा, “सभी प्रभावित सेवाएं अब सामान्य रूप से कार्य कर रही हैं।” गूगल ने यह भी कहा कि वह इस पूरे आउटेज की आंतरिक जांच करेगा और इसके परिणामों को सार्वजनिक रूप से साझा करेगा। कंपनी ने दुनिया भर के यूजर्स को धैर्य बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया।