नई दिल्ली (नेहा): आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में प्रजनन दर को लेकर चिंता जताई है। वहीं, सीएम ने कहा है कि राज्य सरकार, बड़े परिवारों को आर्थिक सहयोग देने पर विचार कर रही है। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान ये संकेत दिए कि राज्य सरकार बड़े परिवारों को आर्थिक मदद कर सकती है। गौरतलब है कि आंध्र में पहले 2 से ज्यादा बच्चे वालो को पंचायत और निकाय चुनाव लड़ने से रोकने के लिए कानून तक में संशोधन किया जा चुका है। सीएम नायडू ने कहा, मैं परिवार को एक इकाई के रूप में मानकर आर्थिक मदद देने पर विचार कर रहा हूं। बड़े परिवार को प्रोत्साहन दिया जा सकता है। वहीं, उन्होंने शून्य गरीबी पहल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में प्रजनन दर बढ़ाना पड़ेगा। मौजूदा प्रजनन दर की वजह से राज्य में कई समस्याएं खड़ी हो जाएंगी।
बता दें कि उन्होंने हाल ही में एलान किया था महिला कर्मचारी जितनी बार चाहें मेटरनिटी लीव ले सकती हैं। कुछ दिनों पहले तेदेपा प्रमुख ने कहा था कि पुरानी पीढ़ी के लोग चार-पांच बच्चे पैदा करते थे, जबकि वर्तमान पीढ़ी ने इसे घटाकर एक बच्चा कर दिया है। अब तो और भी समझदार लोग कह रहे हैं कि दोहरी आय, बिना बच्चों के (डीआइएनके) हम मौज-मस्ती कर सकते हैं। अगर उनके माता-पिता ने उनकी तरह सोचा होता तो वे इस दुनिया में नहीं आते। दक्षिण कोरिया, जापान और महाद्वीपीय यूरोप जैसे देशों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वहां के लोगों को जनसंख्या में गिरावट के खतरे का एहसास नहीं है, बल्कि उनका ध्यान केवल पैसा कमाने, आय बढ़ाने और उन देशों को आगे ले जाने पर है।