सीकर (नेहा): देश की राजधानी दिल्ली से शनिवार को राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी और सालासर धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत हो गई। बता दें कि पहले ही दिन प्रसिद्ध कवि और लेखक डॉक्टर कुमार विश्वास ने अपने परिवार संग यात्रा कर बाबा श्याम के चरणों में माथा टेका। उनका हेलीकॉप्टर खाटूश्यामजी मंदिर से करीब 9 किलोमीटर दूर जालूण्ड हेलीपैड पर उतरा। यहां भी कई लोग इस यात्रा के एक्सपीरियंस को जानने के लिए मौके पर मौजूद थे। उनके लिए भी यह लम्हा खास रहा।
बता दें कि नई सेवा के तहत श्रद्धालु अब एक ही दिन में खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी दोनों के दर्शन कर सकेंगे। पैकेज में मंदिरों के वीआईपी दर्शन, होटल और भोजन-व्यवस्था शामिल है। इसकी कीमत प्रति यात्री 95 हजार रुपये तय की गई है। फिलहाल रोजाना एक उड़ान संचालित होगी। डॉ. कुमार विश्वास ने कहा, ‘मुझे प्रथम यात्री बनने का सौभाग्य मिला। लोग लंबे समय से चाहते थे कि एक ही दिन दोनों धामों के दर्शन कर सकें। अब यह सुविधा शुरू हो चुकी है। यह भारत की आध्यात्मिक चेतना का उदयकाल है।’
उन्होंने आगे कहा कि युवाओं का रुझान अब तेजी से आध्यात्मिक स्थलों की ओर बढ़ रहा है। ‘आज ताजमहल से ज्यादा लोग अयोध्या राम मंदिर, वृंदावन और खाटूश्यामजी-सालासर दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यह भारत की बदलती सांस्कृतिक दिशा का प्रतीक है।’ हवाई सेवा शुरू होने से दिल्ली, रोहिणी और नोएडा से आने वाले श्रद्धालु भी आसानी से एक ही दिन में दर्शन कर अपने कार्यक्षेत्र लौट सकेंगे।