रामपुर (नेहा): शिमला जिले के रामपुर इलाके में स्थित दरशाल में देर रात बादल फट गया, जिसके कारण तकलेच नाले में भारी बाढ़ आ गई। इस अचानक आई बाढ़ से तकलेच बाजार में रात भर अफरातफरी का माहौल रहा। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से सभी निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। गनीमत रही कि इस प्राकृतिक आपदा से किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई।
पूरे प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। हिमाचल प्रदेश में कई सड़कें बंद हैं, जिनमें से चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पिछले 36 घंटों से बंद है। दवाड़ा के पास हुए भूस्खलन के बाद, बीती रात झलोगी के पास भी भारी भूस्खलन हुआ, जिससे यह हाईवे पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। दवाड़ा में पहाड़ी से गिरी विशाल चट्टानों के कारण फोरलेन के एक फ्लाईओवर ब्रिज को भी नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की तीव्रता में थोड़ी कमी आएगी, लेकिन अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश जारी रहेगी। आज सिरमौर और सोलन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। वहीं, शुक्रवार को कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर के लिए और शनिवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी जिलों में बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।