मंडी (नेहा): हिमाचल प्रदेश के युवा कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने चंडीगढ़ में एक सादे समारोह में सिख रीति-रिवाजों के अनुसार डॉ. अमरीन कौर के साथ शादी की। यह विवाह समारोह चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में स्थित एक गुरुद्वारे में संपन्न हुआ, जिसमें दोनों परिवारों के करीबी सदस्य और रिश्तेदार शामिल थे।
शादी के इस खास मौके पर विक्रमादित्य सिंह ने पारंपरिक राजशाही अंदाज में गुलाबी रंग की पोशाक पहनी थी। वे हाथों में तलवार लिए और सिर पर पगड़ी बांधे नजर आए। उनकी माता प्रतिभा सिंह और बहनें भी उनके साथ मौजूद थीं। बारात चंडीगढ़ के होटल से निकली और फिर गुरुद्वारे पहुंची, जहां आनंद कारज की रस्में पूरी की गईं। शादी के बाद, विक्रमादित्य सिंह अपनी दुल्हन के साथ होटल लौटे और बाद में शाम को शिमला के लिए रवाना हुए।