रहुई (नेहा): थाना क्षेत्र के भेंडा मोड़ के समीप शनिवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रही एक क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग (SH-78) पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। रात में हुई दुर्घटना का पता सुबह तब चला, जब ग्रामीणों ने पानी में तीन शवों को उतराता हुआ देखा। इसके बाद शोर मचाकर लोगों को बुलाया गया और शवों को बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को बाहर निकलवाया। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। मरने वालों में सरमेरा थाना क्षेत्र के मोती बिगहा गांव निवासी अरविंद पासवान, महमदपुर निवासी पवन कुमार, शेखपुरा जिला के शेखोपुर सराय के अस्थाना निवासी सन्नी राज है। वहीं, घायल सरमेरा थाना क्षेत्र निवासी गुलशन कुमार है। सभी की उम्र करीब 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है।