पटना (नेहा): बिहार की राजधानी पटना से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर नवविवाहिता की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई और फिर शव को जंगल में फेंक दिया गया। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल, पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के बिहटा थाना इलाके की है। मृतका की पहचान पुनीता कुमारी के रूप में हुई है। पांच महीने पहले पुनीता की शादी गुड्डू कुमार के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष वाले दहेज न मिलने पर पुनीता को प्रताड़ित कर रहे थे। हाल-फिलहाल पुनीता अपने मायके आई हुई थी। 12 सितंबर को उसके पति गुड्डू ने उसे मिलने के लिए बाजार बुलाया था। इसके बाद से वह गायब हो गई। मायके वालों ने इसकी जानकारी पुलिस को भी दी थी।
इसी बीच, बीते सोमवार को मृतका के पिता को ससुर ने फोन कर बताया कि आपकी बेटी की हत्या कर दी गई है। वहीं, इसके बाद मृतका के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति को हिरासत में लिया। पूछताछ में गुड्डू ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने खुलासा किया कि दहेज विवाद के साथ उसे शक था कि उसकी बीवी का किसी और से अवैध संबंध है, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।