नई दिल्ली (नेहा): आईआईटी हैदराबाद के प्लेसमेंट सीजन 2025-26 ने शानदार रिकॉर्ड स्थापित किया है। कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के स्टूडेंट एडवर्ड नाथन वर्गीस ने नीदरलैंड स्थित ग्लोबल ट्रेडिंग फर्म Optiver से ₹2.5 करोड़ का वार्षिक पैकेज हासिल किया है। 2008 में स्थापित इस संस्थान के इतिहास में यह अब तक का सबसे बड़ा पैकेज है। एडवर्ड ने यह उपलब्धि केवल 1 इंटरव्यू के जरिए हासिल की। उनके पैकेज ने IIT दिल्ली और बॉम्बे जैसे पुराने दिग्गजों के प्लेसमेंट आंकड़ों को कड़ी चुनौती दी है।
एडवर्ड की सफलता ग्लोबल लेवल पर आईआईटी स्टूडेंट्स की बढ़ती मांग का प्रमाण है। 21 वर्षीय एडवर्ड ने अपनी 2 महीने की समर इंटर्नशिप को प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) में बदलकर यह मुकाम पाया। उन्होंने बताया कि पहले साल से ही उनकी रुचि कॉम्पिटिटिव प्रोग्रामिंग में थी और वह देश के टॉप 100 कोडर्स में शामिल रहे हैं। उनके माता-पिता भी इंजीनियर हैं। इन दिनों ग्लोबल स्तर पर जॉब मार्केट में मंदी की चर्चा है। एडवर्ड नाथन वर्गीज को मिले ऑफर से साबित होता है कि हाई स्किल्ड उम्मीदवारों के लिए अवसरों की कोई कमी नहीं है।
एडवर्ड नाथन वर्गीस को मिला यह ऑफर संस्थान की स्थापना के बाद से अब तक का सबसे बड़ा पैकेज है। एडवर्ड जुलाई 2026 से नीदरलैंड के एम्सटर्डम ऑफिस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम संभालेंगे। पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2023-24 में उच्चतम पैकेज ₹90 लाख और 2024-25 में ₹66 लाख था। इस छलांग ने आईआईटी हैदराबाद को देश के टॉप प्लेसमेंट वाले संस्थानों की सूची में बहुत ऊपर ला खड़ा किया है।


