नई दिल्ली (राघव): तपती गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम अब करवट लेने जा रहा है और देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों में जोरदार बारिश होने वाली है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में इसकी पहली दस्तक से मौसम सुहावना होने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के विभिन्न हिस्सों के लिए भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया बना हुआ है, जो अगले 24 घंटों में डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है। इसके असर से पूर्वोत्तर भारत के राज्यों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 30 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
केरल, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र में 30 मई से 2 जून तक गरज के साथ बारिश की संभावना है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में 29-30 मई को भारी बारिश हो सकती है। वहीं, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी 30 से 31 मई के बीच मौसम सक्रिय रहेगा। इन इलाकों में तेज हवाएं 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में 29 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में गरज-चमक और धूल भरी हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। 29 मई से 2 जून तक इन इलाकों में मौसम का मिजाज बदलेगा।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तापमान में हल्की वृद्धि के बावजूद राहत की उम्मीद है। 29 से 31 मई तक दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश होगी। इसके साथ ही 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश और गंगीय पश्चिम बंगाल में 29 मई से 1 जून के बीच आंधी और बिजली के साथ बारिश की संभावना है। इन इलाकों में भी तेज हवाएं चलेंगी, जिससे स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा और नागालैंड जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 7 दिनों तक मौसम सक्रिय रहेगा। IMD ने इन इलाकों में गरज-चमक और भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।