नई दिल्ली (राघव): दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार सुबह को दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई, जिसके बाद मौसम सुहाना हो गया और दिल्ली वालों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग की ओर से पहले ही बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। अब अगले पांच दिन और दिल्ली में बारिश पड़ने और आंधी चलने की संभावना जारी की है। इस दौरान दिल्ली के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी।
दिल्ली ही नहीं आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, बिहार, तमिलनाडु में भी बारिश का अलर्ट है। 16 जून के दौरान गुजरात में कई जगहों पर बारिश के साथ बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। आज, यानी 16 जून को गोवा, मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में 16 और 17 जून के दौरान गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। 16 से 20 जून के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है।
16 से 18 जून के दौरान राजस्थान और 16 से 20 जून के दौरान जम्मू-कश्मीर में तेज रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 19 और 20 जून को पूर्वी राजस्थान में आंधी 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 16 जून को उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। राजस्थान में अब भी गर्मी अपने तेवर दिखा रही है. हालांकि यहां अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चल सकती है. 19 और 20 जून को हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है।
अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में कई जगहों पर तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 16 से 20 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है, और उसके बाद अगले 5 दिनों के दौरान 2-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है. देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।