नई दिल्ली (नेहा): भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा टी-20 मुकाबला आज विशाखापट्टनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी ACA-VDCA स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे किया जाएगा।
इससे पहले खेले गए तीसरे टी-20 में भारत ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली है। न्यूजीलैंड की टीम फिलहाल 3-0 से पीछे चल रही है। वाइजैग में भारत का रिकॉर्ड भी मजबूत रहा है। यहां खेले गए चार टी-20 मुकाबलों में से टीम इंडिया ने तीन में जीत दर्ज की है, जबकि एकमात्र हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आई थी।
अर्शदीप की वापसी हो सकती है जसप्रीत बुमराह को इस मैच में आराम दिया जा सकता है। उनके वर्कलोड और टी-20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए बुमराह की जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिलने की संभावना है। अर्शदीप को तीसरे मैच में रेस्ट दिया गया था।
टी-20 में भारत का पलड़ा भारी न्यूजीलैंड और भारत के बीच अब तक कुल 28 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 15 मैचों में जीत दर्ज की है। जबकि न्यूजीलैंड को 10 मुकाबलों में सफलता मिली है। 3 मैच टाई भी रहे हैं।
भारतीय सरजमीं पर दोनों टीमों के बीच 14 टी-20 खेले गए हैं, जहां होम टीम ने 10 मैच जीते, जबकि न्यूजीलैंड को सिर्फ 4 में जीत नसीब हुई। न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ लगातार पांचवीं टी-20 सीरीज भी गंवा दी है। टीम कभी भारत में टी-20 सीरीज भी नहीं जीत पाई।


