टोरंटो (पायल): टोरंटो विश्वविद्यालय के स्कारबोरो कैंपस के पास एक 20 वर्षीय भारतीय पीएचडी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई है और अधिकारी इस मामले की जांच हत्या के रूप में कर रहे हैं। कैनेडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन की रिपोर्ट के अनुसार, गोलीबारी मंगलवार को हुई थी और टोरंटो पुलिस ने बुधवार को मृतक की पहचान शिवांक अवस्थी के रूप में की है।
ड्यूटी इंस्पेक्टर जैफ एलिंगटन ने बताया कि पुलिस को मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे हाईलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्सटन रोड के इलाके में एक घायल व्यक्ति के ज़मीन पर पड़े होने की सूचना मिली थी। जब अधिकारी वहां पहुंचे, तो उन्हें गोली से घायल एक व्यक्ति मिला, जिसे मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति पुलिस के पहुंचने से पहले ही इलाके से फरार हो गया था और फिलहाल कोई हुलिया जारी नहीं किया गया है।
बता दे कि टोरंटो में भारतीय कौंसुलेट ने एक्स (X) पर पोस्ट करके युवा छात्र की ‘दुखद मृत्यु’ पर ‘गहरा दुख’ जताया है और कहा है कि कौंसुलेट दुखी परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ तालमेल करके हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
यहां बता दें कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है और सुरक्षा के मद्देनजर अलर्ट जारी किया है।


