नई दिल्ली (नेहा): हरियाणा पुलिस के मुखिया शत्रुजीत कपूर सहित 13 अधिकारियों पर FIR दर्ज की गई है। हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या मामले में वरीय पुलिस अधिकारियों पर FIR दर्ज की गई है। मरने से पहले वाई पूरन कुमार ने सुसाइड नोट में शत्रुजीत कपूर सहित कई लोगों के नाम लिखे थे। पूरन ने सुसाइड नोट में DGP शत्रुजीत कपूर, रोहतक एसपी नरेंद्र सहित कई लोगों पर मासनिक प्रताड़ना, जातीय भेदभाव के आरोप लगाए थे।
चंडीगढ़ पुलिस ने BNS की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि FIR वाई पूरन कुमार के अंतिम सुसाइड नोट में उल्लिखित सभी आरोपियों के खिलाफ दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, जांच अभी जारी है और सभी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और प्रशासनिक कागजात की समीक्षा की जा रही है। इधर मामले में सीएम नायब सिंह सैनी ने भी तत्परता दिखाई है। उन्होंने मृतक IPS के परिवारजनों को न्याय का भरोसा दिलाया है।