नई दिल्ली (नेहा): दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, झारखंड एटीएस और रांची पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आतंकियों को दबोचा है। इनमें एक संदिग्ध आतंकी दिल्ली से गिरफ्तार किया गया तो वहीं दूसरे को रांची के इस्लामनगर से दबोचा गया है। बताया गया कि आईएसआईएस के संदिग्ध आतंकी असहर दानिश को रांची से गिरफ्तार किया गया है। असहर दानिश बोकारो जिले के पेटवार का रहने वाला है। दिल्ली में दर्ज मामले के आधार पर दिल्ली स्पेशल पुलिस की टीम तलाश कर रही थी। गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी से पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि यह दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई है। देश भर में चल रही छापामारी में छह संदिग्ध आतंकियों हिरासत में लिया और दो को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक रांची से दानिश और दिल्ली से आफताब को गिरफ्तार किया गया है। आफताब मुंबई का रहना वाला है, जिसकी गिरफ्तारी दिल्ली से हुई है। बताया गया कि दोनों आतंकी स्लीपर सेल बनकर काम कर रहे थे। असहर दानिश जनवरी से रांची में छिपा हुआ था। इसके पास से एक पिस्टल और कई डिजिटल डिवाइस बरामद हुए हैं। ये दोनों केमिकल हथियार बनाने में एक्सपर्ट है। इन्हें स्लीपर सेल में ज्यादा से ज्यादा आतंकियों को जोड़ने की जिम्मेदारी मिली हुई थी।