कोयंबटूर (नेहा): अन्नामलाई पहाड़ी क्षेत्र में एक बार फिर जंगली जानवरों और इंसानों के बीच टकराव देखने को मिला है। तेंदुए ने फिर एक बच्चे को अपना शिकार बनाया। तेंदुआ बच्चे को लेकर भागा और कई घंटों की छानबीन के बाद बच्चे का शव बरामद हुआ।
यह मामला तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले का है। पिछले 8 महीनों में यह तेंदुए का तीसरा शिकार है। इससे पहले भी तेंदुआ 2 बच्चों को मौत के घाट उतार चुका है। तेंदुए के आतंक से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
तमिलनाडु पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चे का नाम सैफुल था, जिसकी उम्र महज 5 साल थी। कोयंबटूर के वालपराई में उसका घर है। सैफुल घर के बाहर खेल रहा था, तभी चाय की बागान से तेंदुआ निकला और सैफुल को धर दबोचा। पलक झपकते ही तेंदुआ झाड़ियों के रास्ते भाग निकला।
परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और काफी देर की खोजबीन के बाद सैफुल का शव बागान के अंदर मिला। तेंदुए के हमले में सैफुल की मौत हो गई थी और उसके शरीर पर तेंदुए के पंजों के निशाना साफ देखे जा सकते थे।

