जम्मू (नेहा): जम्मू संभाग के कटड़ा में श्री माता वैष्णो देवी त्रिकुटा पर्वत पर बिजली गिरने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में अचानक मौसम ने करवट बदली जिसके बाद केंद्रशासित प्रदेश में तगड़ी बारिश हुई। ऐसे में कटड़ा में भी जमकर बादल बरसे। इस बीच त्रिकुटा पर्वत के सुहावने मौसम का एक शख्स वीडियो बना रहा था तभी आकाशीय बिजली त्रिकुटा पर्वत पर गिरी। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में शु्क्रवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। शाम पांच बजे मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज हवाएं चलने लगी।
इससे कई जगह पेड़ भी उखड़ गए और यातायात प्रभावित हुआ। मौसम में सुधार के साथ ही सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाया। वहीं, रामबन में तेज बारिश होने से पहाड़ों पर गिरे मलबे से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद हो गया। सेरी चंबा क्षेत्र में राजमार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए। साढ़े छह घंटे बाद रात साढ़े आठ बजे तक हाईवे को दोनों तरफ से वाहनों को निकालने लायक रास्ता बना लिया गया। काजीगुंड से जम्मू की ओर और उधमपुर से कश्मीर की ओर वाहनों को बढ़ने की अनुमति नहीं है।
सुहावने मौसम के बीच श्रद्धालु श्रद्धा के साथ मां वैष्णो देवी की यात्रा कर रहे हैं। गुरुवार को दिनभर यहां आसमान में बादलों का जमघट लगा रहा, वहीं रात्रि के समय अचानक गरज और चमक के साथ तेज हवा चलती रही। इसके बीच श्रद्धालुओं को वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान रात्रि के समय हल्की बारिश का भी सामना करना पड़ा। वहीं, रात्रि के समय मां वैष्णो देवी के त्रिकुट पर्वत की ऊपरी चोटियों पर गिरी आसमानी बिजली से अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिसको देख सभी हैरान हो गए। रात भर लगातार ठंडी हवा चलती रही, वहीं रात्रि के समय मां वैष्णो देवी की यात्रा करने के लिए निकले श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए लगातार भवन की ओर रवाना होते रहे।