पथराहा (नेहा): मधेपुरा जिले में सदर थाना क्षेत्र के पथराहा में शनिवार शाम धान के खेत से एक किसान का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के जजहट सबैला वार्ड- 09 निवासी अशोक प्रसाद यादव (62) के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि अशोक शनिवार सुबह करीब आठ बजे घर से लगभग एक किलोमीटर दूर धान के खेत में घास काटने के लिए गए थे। दोपहर ढाई बजे तक घर नहीं लौटने पर उनकी खोजबीन शुरू की गई। इस दौरान पिता की तलाश में निकले उनके पुत्र भूषण यादव जब खेत पर पहुंचे तो उन्हें पिता का शव जमीन पर मुंह के बल पड़ा और शव के दोनों हाथ पीठ पर थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग एकत्रित हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। देर शाम सदर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया। सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।