खंडवा (राघव): मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में बढ़ती आग की घटनाओं ने लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है। तापमान बढ़ते ही शहर में आगजनी की घटनाओं में इजाफा हो रहा है, यहां लगातार दूसरे दिन आग की चपेट में आने से एक फैक्ट्री में बड़ा नुकसान देखने को मिला है। आपको बता दें कि खंडवा के राजेंद्र नगर स्थित नमकीन की फैक्ट्री में मंगलवार देर रात अचानक से भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे क्षेत्र में अफरा – तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी।
कोतवाली पुलिस फायर फाइटर के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन आग का इतना विकराल रूप था कि चंद घंटे में ही सब कुछ राख हो गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जिसमें फैक्ट्री में बड़ी नुकसान की बात सामने आई है। आग की घटना के बाद लोगों में काफी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन के संरक्षण में शहर भर में रिहायशी इलाकों में फैक्ट्रियां चलाई जा रही हैं, जहां अग्निशमन यंत्र तक उपलब्ध नहीं हैं। ऐसी घटनाएं किसी दिन निवासियों के लिए बड़ी समस्या बन सकती हैं।