मुंबई (नेहा): महाराष्ट्र साइबर विंग ने शुक्रवार को एक 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। इंजीनियरिंग स्नातक इस युवक पर राज्य की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे को परेशान करने का आरोप है। युवक पंकजा मुंडे से फोन पर अश्लील बातें करता था और उन्हें गंदे मैसेज भी कर रहा था। आरोपी की पहचान अमोल छगनराव काले केरूप में हुई है, जो बीड का रहने वाला है। 25 वर्षीय आरोपी इंजीनियरिंग ग्रेजुएट है। मुंबई पुलिस ने उसे पुणे के पास भोसरी से गिरफ्तार किया है। बता दें कि बीजेपी नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे के पर्सनल मोबाइल नंबर पर बार-बार फोन आ रहे थे। साथ ही उन्हें इसपर मैसेज मिल रहे थे। उन्होंने इसकी जानकारी महाराष्ट्र साइबर पुलिस को दी। साइबर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है।
इसके अलावा युवक के खिलाफ सूचना प्रद्योगिकी (IT) अधिनियम की धारा भी लगी है। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पहले युवक का फोन नंबर ट्रैक किया और फिर बताई गई लोकेशन से आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस काले से पूछताछ कर रही है। हालांकि, अभी तक उसकी इस हरकत के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने आरोपी शख्स को हिरासत में लेकर मुंबई स्थित कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 2 दिन की पुलिस कस्टडी पर भेज दिया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस केस में काले अकेले शामिल है या फिर कुछ अन्य लोगों का भी इसमें हाथ है?