नई दिल्ली (नेहा): दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति पर कब्जा जमाने की कोशिश में जुटी भाजपा और आप के लिए आज बड़ा दिन है। वार्ड समिति चुनाव में हार-जीत तय करेगी कि स्थायी समिति पर कौन काबिज होगा। वार्ड समिति चुनाव में भाजपा और आप के बीच शह-मात का खेल चल रहा है। ऐसे में अगर किसी वार्ड समिति में उलटफेर हो जाए तो हैरानी नहीं होगी। वैसे तो 12 वार्ड समितियों में से सात वार्ड समितियों में भाजपा और पांच वार्ड समितियों में आप को स्पष्ट बहुमत है, लेकिन भाजपा आप से अलग होकर नई पार्टी बनाने वाली इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के जरिए 10 जोन पर कब्जा जमाने की कोशिश में है, जिसके 16 पार्षद हैं। इतना ही नहीं, आप पार्षदों के इस्तीफे से खाली हुए स्थायी समिति के दो पदों में से भाजपा दक्षिणी जोन से निर्वाचित स्थायी समिति सदस्य के एक पद पर भी कब्जा करना चाहती है। दिल्ली नगर निगम मुख्यालय में आज सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक दो अलग-अलग सभागारों में 12 वार्ड समितियों के लिए चुनाव होंगे।
इसमें सबसे ज्यादा नजर तीन वार्ड समितियों पर है। इसमें पहला जोन दक्षिणी जोन, दूसरा पश्चिमी जोन और तीसरा रोहिणी जोन है। इस पर सबकी नजर इसलिए है, क्योंकि पश्चिमी और रोहिणी में भाजपा और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (इविप) ने अघोषित गठबंधन कर एक-दूसरे के समर्थन में प्रत्याशी उतारे हैं। दक्षिणी जोन में इविप पार्षदों की मदद से भाजपा न सिर्फ जोन के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन पद पर कब्जा करना चाहती है, बल्कि एक स्थायी समिति सदस्य को निर्वाचित कराकर स्थायी समिति में भी अपनी ताकत मजबूत करना चाहती है। इसलिए दक्षिणी जोन का चुनाव देखने लायक होगा। भाजपा और आप दोनों ने ही अपने-अपने प्रत्याशियों को निर्वाचित कराने के लिए पूरा जोर लगा दिया है।
हालांकि जोन चुनाव में महत्व न मिलने से नाराज पार्षद शाहदरा दक्षिणी, पश्चिमी और रोहिणी के साथ नरेला जोन में भी कुछ भाजपा और कुछ आप पार्षद अपनी पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ जाकर वोट कर सकते हैं। 12 वार्ड कमेटियों में से तीन जोन में निर्विरोध चुनाव होना तय है। क्योंकि तीनों जोन में एक-एक उम्मीदवार है। इसमें केशवपुरम जोन में भाजपा उम्मीदवार विकेश सेठी का चेयरमैन बनना तय है, जबकि इसी जोन में डिप्टी चेयरमैन पद पर भी भाजपा जीतेगी। इसी तरह सिटी एसपी और करोल बाग जोन में चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन पद पर आप उम्मीदवार जीतेंगे। जबकि सिटी एसपी जोन में स्थायी समिति के एक सदस्य का चुनाव भी आप जीतेगी।